वाणिज्य संकाय की विभागीय परिषदीय प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

Spread the love

डॉ० पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में वाणिज्य परिषद के तत्वाधान में आयोजित तत्क्षण वाद- विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता तथा चार्ट प्रतियोगिता के विजयी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरित किये गए।

इस अवसर पर विभाग प्रभारी प्रो० प्रीति रानी ने सत्र 2025-26 में वाणिज्य विभाग परिषद द्वारा समय-समय पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 में वाणिज्य विभाग द्वारा 11 अप्रैल 2026 को वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ० एस० के० गुप्ता के नेतृत्व में तत्क्षण वाद- विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड में पर्यटन की संभावनाएं, सोशल मीडिया, महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता विकास, इजरायल-ईरान युद्ध का भारतीय अर्थव्यवस्था पर प्रभाव, उत्तराखंड में बेरोजगारी एवं पलायन की समस्या तथा शेयर मार्केट में निवेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये।

इस प्रतियोगिता में मोहम्मद मुदस्सिर ने प्रथम स्थान, अपूर्वा रावत ने द्वितीय स्थान एवं आयुष प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डॉ अंशिका बंसल के दिशा निर्देशन में “यू एस ईरान युद्ध का भारत पर प्रभाव” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में नंदिनी गुप्ता ने प्रथम, साक्षी चौहान ने द्वितीय तथा मोहम्मद मुदस्सिर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डॉ रिचा जैन के निर्देशन में आयोजित चार्ट प्रतियोगिता में नंदिनी गुप्ता ने प्रथम, अपूर्वा रावत ने द्वितीय तथा कुमकुम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

उक्त समस्त विजयी प्रतिभागियों को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० (डॉ०) डी० एस० नेगी द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर नेगी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए इस तरह के कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने हेतु प्रेरित किया तथा विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित की ।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ० एस० के० गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभागीय प्राध्यापक डॉ प्रियंका अग्रवाल , डॉ संदीप अग्रवाल तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *