हरिद्वार में अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण की कार्रवाई, जेसीबी से ध्वस्त किए निर्माण

Spread the love

हरिद्वार- हरिद्वार में अनाधिकृत प्लॉटिंग और अवैध निर्माणों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से कई निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि झंडा चौक जमालपुर से पंचायत कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर तालाब के सामने जमालपुर कलां रोड पर लगभग 07 से 08 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही है। इसी प्रकार जमालपुर पंचायत भवन से आगे बाग वाली नई कॉलोनी के सामने सराय रोड पर करीब 04 बीघा भूमि पर भी अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।

मामले की जांच के बाद प्राधिकरण ने दोनों स्थानों पर अनाधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद दर्ज किए। संबंधित निर्माणकर्ताओं को कई बार निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए गए, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अनधिकृत निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे नहीं किया जाए।

प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी बिना अनुमति के निर्माण किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नियमानुसार विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *