जवाहर नवोदय विद्यालय, पौखाल (टिहरी गढ़वाल) में 6 एवं 7 अप्रैल 2026 को संकुल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं टिहरी गढ़वाल जिलों के नवोदय विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में रेफरी के रूप में मोहम्मद शहजाद सलमानी एवं श्री अभिषेक पोखरियाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। कड़े मुकाबलों के उपरांत विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों का चयन क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता हेतु किया गया।
चयनित खिलाड़ी अब 10 एवं 11 अप्रैल 2026 को जवाहर नवोदय विद्यालय, कौशांबी में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में क्लस्टर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टिहरी गढ़वाल का दमदार प्रदर्शन
बालक वर्ग में टिहरी गढ़वाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों आयु वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। अंडर-14 वर्ग में मिथलेश सिंह, अंडर-17 वर्ग में कृष रावत तथा अंडर-19 वर्ग में ईशान कैंथुरा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया।
वहीं बालिका वर्ग में टिहरी गढ़वाल की खिलाड़ी रिधिमा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य महोदय ने कहा कि इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों की खेल भावना और अनुशासन की सराहना करते हुए विजेताओं को बधाई दी तथा क्षेत्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
उप-प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्री उदित कुमार, श्रीमती जया सुंदरियाल सहित अन्य सभी शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने खेल कौशल, अनुशासन एवं आपसी सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया और सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री बलवंत सिंह राणा एवं भोजनालय कर्मचारीगण का विशेष सहयोग रहा।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
