धनौरी पी.जी. कॉलेज में तीन दिवसीय ‘टाई एंड डाई’ कार्यशाला के प्रथम दिन का सफल आयोजन

Spread the love

धनौरी, हरिद्वार (06 अप्रैल, 2026): धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी की कौशल विकास समिति (Multiple Skill Development Cell) के तत्वावधान में गृह विज्ञान विभाग एवं कला विभाग के संयुक्त सहयोग से आज तीन दिवसीय “टाई एंड डाई (Tie and Dye) कार्यशाला” का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आधिकारिक उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार द्वारा किया गया।
कार्यशाला के पहले दिन छात्र-छात्राओं को कपड़े पर रंगाई (Tie and Dye) की कला के विभिन्न पहलुओं से प्रयोगात्मक रूप से अवगत कराया गया। यह प्रशिक्षण डॉ. प्रियंका कुमारी (विभागाध्यक्ष, गृह विज्ञान एवं कौशल विकास समिति) के साथ सुश्री मोनिका रानी (सहायक आचार्य, चित्रकला विभाग), डॉ. मीनाक्षी सैनी और श्री अंकित कोहली (सहायक आचार्य, चित्रकला विभाग) के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान शिक्षकों ने छात्रों को कपड़े पर गांठें लगाने, रंग तैयार करने और आधुनिक डिजाइनों को उकेरने की बारीकियों को विस्तार से समझाया।
इस अवसर पर डॉ. प्रियंका कुमारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘टाई एंड डाई’ केवल एक कला नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर बनने का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं की बाजार में बहुत मांग है, और यदि छात्र इसे लगन से सीखते हैं, तो वे अपनी शिक्षा के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी मजबूत कदम बढ़ा सकते हैं।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में गृह विज्ञान विभाग की प्रयोगशाला सहायक श्रीमती रंजना का विशेष सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन में छात्रों ने प्रयोगात्मक सत्र को सुगमता से पूरा किया।
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि आज कार्यशाला का पहला दिन था और इसमें छात्रों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी 08 अप्रैल, 2026 को आयोजित की जाएगी। कार्यशाला के पहले दिन छात्रों का उत्साह चरम पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *