गजा / नरेंद्र नगर नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए नरेंद्र नगर विधायक व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुनीकीरेती ढालवाला एवं तपोवन क्षेत्र में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का व्यापक स्तर पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में चल रहे विभिन्न आधारभूत संरचना विकास कार्यों का जायजा लिया। इसमें सडक निर्माण एवं चौडीकरण, ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ बनाने, शहरी परिवहन को व्यवस्थित करने, निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों के विकास तथा पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए शहरी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त नदी तटों पर बाढ से सुरक्षा के लिए बनाये जा रहे मजबूत सुरक्षा पुश्तों तथा भू स्खलन और कटाव को रोकने के लिए किए जा रहे स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। इन कार्यों का उद्देश्य नदी किनारे स्थित आबादी सडकों और सार्वजनिक संपतियों को सुरक्षित रखना तथा भविष्य में संभावित आपदाओं के जोखिम को कम करना है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने संबधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाय, ताकि क्षेत्र वासियों को शीघ्र ही इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर क्षेत्र के जन प्रतिनिधि, अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
