राजकीय इंटर कॉलेज, दौलतपुर, हरिद्वार में भारतीय भौतिकी अध्यापक संघ (IAPT) एवं एशियन फिजिक्स ओलंपियाड (APhO) के तत्वावधान में तथा धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी (हरिद्वार) के शैक्षणिक सहयोग से एक दिवसीय कार्यशाला Performance Based Olympiad Level Experiments (POLLEX) का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज, दौलतपुर के प्रधानाचार्य श्री राम मिलन, भौतिकी विभाग के प्रवक्ता श्री विवेक कौशल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
धनौरी पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने वीडियो माध्यम के द्वारा भौतिकी के मूलभूत सिद्धांतों को सरल, स्पष्ट एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न प्रयोगों एवं उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों में भौतिकी की आधारभूत समझ विकसित करने पर विशेष बल दिया।
कार्यशाला में धनौरी पी.जी. कॉलेज के भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार ने क्वांटम फिजिक्स एवं क्वांटम कंप्यूटिंग के मूलभूत सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने वर्ष 2025 में भौतिकी के क्षेत्र में प्रदान किए गए नोबेल पुरस्कार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की, जिससे छात्रों में आधुनिक विज्ञान के प्रति गहरी रुचि उत्पन्न हुई।
इसके अतिरिक्त धनौरी पी.जी. कॉलेज के रसायन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अर्पित सिंह ने विद्यार्थियों को आगामी ओलंपियाड प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में किस प्रकार भाग लिया जा सकता है तथा भविष्य में इनके माध्यम से उच्च शिक्षा एवं करियर के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उपयोगी करियर परामर्श भी प्रदान किया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक स्तर पर ओलंपियाड की तैयारी कराना तथा उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शोध के लिए प्रेरित करना था। कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उपयोगी सिद्ध हुई।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
