स्वास्थ्य, संतुलन एवं सकरात्मकता का संदेश देगा साप्ताहिक योग शिविर : प्रो.एम.एस रावत

Spread the love

ऋषिकेश : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के पं. ल. मो. शर्मा परिसर, ऋषिकेश स्थित योग विज्ञान विभाग द्वारा 15 जून से 21 जून 2026 तक सात दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया जाएगा।

प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 8 बजे तथा 8 बजे से 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को योग, प्राणायाम, ध्यान तथा योगिक जीवनशैली का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

योग विज्ञान विभाग द्वारा शिविर की औपचारिक घोषणा करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। शिविर की सूचना जारी होने के साथ ही विश्वविद्यालय परिवार एवं स्थानीय नागरिकों में उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है।

विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के निदेशक प्रो. एम. एस. रावत ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, अनिद्रा, मोटापा, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएँ तेजी से बढ़ रही हैं। योग इन समस्याओं के समाधान का एक सरल, सुलभ एवं वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

संकायध्यक्ष प्रो. पी. के सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। वर्तमान समय में सम्पूर्ण विश्व योग की उपयोगिता को स्वीकार कर चुका है। ऐसे में विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। योग समन्वयक प्रो. वी. के. गुप्ता ने बताया कि शिविर के प्रत्येक दिन को अलग विषय के लिए समर्पित किया गया है। प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान, योग निद्रा, तनाव प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास तथा योगिक जीवनशैली के विभिन्न आयामों से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए किसी पूर्व अनुभव की आवश्यकता नहीं है।

योग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश कंसवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक विकास का समग्र विज्ञान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *