आज दिनांक 16 नवंबर 2026 को सौंग घाटी क्षेत्रीय समिति (सौंग-घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा) के माननीय अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार की अध्यक्षता में 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पांचवें दिन भी जारी रहा।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी की ग्राम पंचायत तौलियाकाटल के अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया गया।
आंदोलन को संबोधित करते हुए सौंग-घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा शीघ्र ही क्षेत्र की 15 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो समिति मजबूरन मालदेवता बाजार में धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं, आज उत्तराखंड ओबीसी आयोग के अध्यक्ष श्री संजय नेगी जी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया। साथ ही क्षेत्रीय प्रतिनिधियों, संबंधित सचिव एवं जिलाधिकारी के साथ बैठक आयोजित करवाने का भी आश्वासन दिया, ताकि मांगों के निराकरण की दिशा में ठोस पहल की जा सके।
आंदोलनकारियों की 15 सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. जमीन के बदले जमीन उपलब्ध कराई जाए।
2. आंशिक विस्थापितों को 200 वर्ग मीटर आवासीय भूखंड दिया जाए।
3. सर्किल रेट में बढ़ोतरी की जाए तथा आंशिक विस्थापितों को आर्थिक पैकेज दिया जाए।
4. प्रत्येक परिवार को सरकारी अथवा गैर-सरकारी रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
5. PMGSY से प्रभावित 04 परिवारों को पूर्ण प्रभावितों में जोड़ा जाए तथा दाननामे में छूटे 04 परिवारों को पृथक इकाई माना जाए।
6. 18 वर्ष से अधिक आयु वालों को एक परिवार माना जाए तथा तीसरी पीढ़ी को भी मुआवजा मिले।
7. एकमुश्त राशि 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये की जाए।
8. क्षेत्र में बांध के दोनों तरफ रिंग रोड बनाई जाए।
9. बांध स्थल से गंधक पानी तथा सौंदणा से प्राथमिक विद्यालय गवाली डांडा तक सड़क निर्माण किया जाए। PMGSY सड़क गंधक पानी व कुंड गांव तक पूरी की जाए।
10. राजकीय इंटर कॉलेज रगड़ गांव एवं लघु बाजार का विस्थापन एवं विकास किया जाए।
11. तीन पुलों का निर्माण किया जाए:
– रगड़ गांव एवं घुड़साल गांव के बीच।
– गंधक पानी एवं सेरा के बीच।
– पसनी एवं कुंड के बीच।
12. बांध/झील के आसपास प्रभावितों को स्वरोजगार हेतु पट्टे आवंटित किए जाएं।
13. प्रभावित बंजर भूमि हेतु वाटर पंपिंग योजना से पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
14. प्रभावित क्षेत्र में उचित स्वास्थ्य सुविधाएं (मानव एवं पशु) उपलब्ध कराई जाएं।
15. वर्ष 2021 से पूर्व विवाहित महिलाओं को भी मुआवजे की श्रेणी में शामिल किया जाए।
इस अवसर पर सौंग-घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के सचिव आदित्य कंडारी, सौंग बांध विस्थापन समिति के सचिव बलवीर कंडारी, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंडारी, मीडिया प्रभारी रविराज पंवार, सुमित कंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सकलाना जय सिंह अजवान, गंभीर सिंह, छात्रसंघ अध्यक्ष सचिन पंवार, हरेंद्र पंवार तथा क्षेत्र के प्रधानगण श्री विजेंद्र सिंह सौंद, खेमराज कंडारी एवं देवेंद्र नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं एवं बच्चों सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आंदोलन स्थल पर क्षेत्रीय जनता का आक्रोश, एकजुटता और अपने अधिकारों के प्रति दृढ़ संकल्प स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
सरकार को दो टूक चेतावनी
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं ठोस निराकरण करने की मांग की। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि सौंग घाटी की जनता अब अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे हटने वाली नहीं है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता बाजार में चक्का जाम किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन सौंग घाटी के प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है। जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है, अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत है और अब निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

