हरिद्वार,19 अक्टूबर 2026- सिडकुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत डेंसो चौक के पास सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक 23 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक युवक एक ढाबे से बाइक पर सवार होकर पास की ही एक फैक्ट्री में खाना पहुंचाने जा रहा था, तभी वह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे का एक रोंगटे खड़ा कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। फुटेज के अनुसार, डेंसो चौक के पास एक ट्रक रुका हुआ था, जबकि उसके बगल से दूसरा ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार युवक आगे निकलने की जल्दबाजी में ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश करने लगा। ओवरटेक करने के प्रयास में उसकी बाइक सीधे गुजर रहे ट्रक से टकरा गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान वासु के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिजनौर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वासु सिडकुल क्षेत्र में डेंसो चौक के पास ही स्थित एक ढाबे पर काम करता था और सोमवार दोपहर भी वह रोजाना की तरह फैक्ट्री में टिफिन सप्लाई करने जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही, दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बारीकी से जांच की जा रही है। फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

