सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार में अक्टूबर माह में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण व्यवस्था बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, प्रदेश मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल, प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल, क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख सतपाल जी, नत्थीलाल बंगवाल, रविंद्र सिंह रावत, शेर सिंह रावत (अध्यक्ष, सरस्वती शिशु मंदिर), अजय जी (व्यवस्थापक, सरस्वती विद्या मंदिर), सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अन्थवाल, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य कमल सिंह रावत सहित दोनों विद्यालयों के लगभग 90 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।

मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू ने बताया कि क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) में वर्ष 2007 से विद्या भारती की सहभागिता प्रारंभ हुई, जिसमें सीबीएसई और विद्या भारती अलग-अलग इकाइयों के रूप में प्रतिभाग करते हैं। वर्तमान में विद्या भारती देशभर में लगभग 40 खेलों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ भव्य मशाल जुलूस के साथ होगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगा और खेल भावना का संदेश देगा।

क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख सत्यपाल जी ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र ने 26 पदक अर्जित कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में लगभग 325 भैया-बहन खिलाड़ी, 40-45 संरक्षक आचार्य तथा 50 निर्णायक भाग लेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के लिए उत्तम आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में होगा तथा प्रत्येक आयु वर्ग में भैया एवं बहन वर्ग की अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में विभिन्न समितियों का दायित्व निर्धारण करते हुए आयोजन को अनुशासित, भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित आचार्यों एवं पदाधिकारियों ने समन्वित प्रयासों से क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
