वीआईपी घाट पर किसान महाकुंभ में फिल्मी गानों पर महिला कलाकारों के डांस पर विवाद, गंगा सभा ने जताई आपत्ति

Spread the love

हरिद्वार-  हरिद्वार के वीआईपी घाट के समीप आयोजित भारतीय किसान यूनियन के किसान महाकुंभ एवं चिंतन शिविर में फिल्मी गानों पर महिला कलाकारों के डांस का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डांस कार्यक्रम बंद कराया और आयोजकों को सख्त हिदायत दी। वहीं, श्री गंगा सभा ने भी तीर्थ क्षेत्र की मर्यादा बनाए रखने की अपील की है।

कार्यक्रम में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। इस दौरान कृषि, गन्ना भुगतान, बिजली, स्मार्ट मीटर, किसान क्रेडिट कार्ड और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न किसान समस्याओं पर चर्चा की गई। संगठन ने प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को आठ सूत्रीय मांगपत्र भी भेजा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, दर्जाधारी श्यामवीर सैनी और पूर्व भाजपा नेता अजय वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुति में महिला कलाकारों ने फिल्मी गीतों पर नृत्य किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्यक्रम रुकवा दिया।

भाकियू (क्रांति अराजनीतिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी ने कहा कि कार्यक्रम में लोक कलाकारों द्वारा रागिनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई थीं। वहीं, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि किसी भी संगठन को कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है, लेकिन तीर्थ क्षेत्र की धार्मिक गरिमा और मर्यादा का हर हाल में सम्मान किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *