विश्व पर्यावरण दिवस पर धनौरी पी.जी. कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

धनौरी, हरिद्वार।  विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी में पर्यावरण समिति एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार के नेतृत्व में परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय के शिक्षा विभाग की सहायक आचार्या डॉ. संगीता बिजल्वाण विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।

महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ. अलका सैनी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर निरंतर चलने वाला जनआंदोलन बनना चाहिए।

कार्यक्रम में आईक्यूएसी एवं भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार, पर्यावरण समिति प्रभारी डॉ. राखी बलियान, डॉ. प्रियंका नेगी तथा डॉ. नीतू गर्ग ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

पर्यावरण समिति के सदस्य डॉ. रीना मिश्रा एवं डॉ. कुमुद चौधरी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिसर में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संदेश देते हुए विश्व पर्यावरण दिवस को सार्थक रूप से मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *