राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल प्रतियोगिताओं का 29 सितंबर से जनपद हरिद्वार में होगा शुभारंभ

Spread the love

हरिद्वार, 27 सितंबर 2026: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक योगऋषि खेल परिसर, रोशनाबाद में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 29 सितंबर को प्रातः 11:00 बजे राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी द्वारा किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि निदेशक युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल, उत्तराखण्ड देहरादून के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं अंडर-19 (बालक एवं बालिका) वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल, मलखम्ब, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, एरोबिक्स, एथलेटिक रेस, रस्साकशी तथा गोला फेंक सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। 1 अक्टूबर को विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, खेल मैदान, निर्णायकों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता अवधि में योगऋषि खेल परिसर में अस्थायी शौचालय, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर प्रतियोगिता का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *