राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी की मेधावी छात्रा कृतिका को मिली ₹81 हजार की छात्रवृत्ति

Spread the love

पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय, बनास पैठाणी की बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर बायो ग्रुप की मेधावी एवं आर्थिक रूप से गरीब छात्रा कृतिका को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत कुल ₹81,000 की छात्रवृत्ति प्राप्त हुई है। इसमें नंदा गौरा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत ₹51,000 तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से ₹30,000 की छात्रवृत्ति शामिल है। साधारण एवं गरीब परिवार की मेधावी छात्रा कृतिका स्वर्गीय श्री शंकर सिंह एवं श्रीमती रामेश्वरी देवी की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार के लिए बहुत ही हर्ष एवं गौरव का क्षण है।

महाविद्यालय के सम्मानित प्राचार्य एवं संरक्षक प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल कृतिका के लिए, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कृतिका भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।

छात्रवृत्ति संयोजक डॉ. खिलाप सिंह ने बताया कि उत्तराखंड सरकार एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुँचाने के लिए महाविद्यालय निरंतर प्रयासरत है।

महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने बताया कि आर्थिक सहयोग के साथ-साथ ऐसी छात्रवृत्तियाँ विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करती हैं तथा उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कृतिका को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *