राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में श्री सतीश सिंह को सेवानिवृत्ति पर दी भावभीनी विदाई

Spread the love

पौड़ी गढ़वाल, पैठाणी, 31 जुलाई 2026 को राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत श्री सतीश सिंह जी के सेवानिवृत्त होने पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में इस अवसर पर एक गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में महाविद्यालय परिवार ने उनके दीर्घ, निष्कलंक एवं समर्पित सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अंगवस्त्र शॉल, पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का सफल संचालन किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री सतीश सिंह ने अपने सेवाकाल के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने सदैव संस्थान के हितों को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासनिक कार्यों का सफल संचालन किया। उनका सरल, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में श्रीमती शशि अग्रवाल जी ने भी उपस्थित होकर शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों में डॉ. कुमार गौरव जैन, डॉ. दिनेश रावत, डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा, डॉ. आलोक कंडारी, श्री पल्लव नैथानी एवं श्री गांधी जी ने श्री सतीश सिंह के साथ बिताए गए संस्मरण साझा करते हुए उनके योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनकी कार्यशैली, समयपालन और सकारात्मक सोच आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

अपने सम्मान के प्रति भावुक होते हुए श्री सतीश सिंह ने महाविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान से मिला स्नेह, सहयोग और आत्मीयता उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सभी सहयोगियों के उज्ज्वल भविष्य तथा महाविद्यालय की निरंतर उन्नति की शुभकामनाएँ दीं।
इनकी धर्मपत्नी श्रीमती दीपा सिंह ने महाविद्यालय परिवार की सराहना करते हुए इस तरह के भव्य आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. उर्वशी द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यबाद ज्ञापित किया गया। समारोह के समापन में एक पौधा मां के नाम रोपित करते हुए सभी द्वारा श्री सतीश सिंह के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *