राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया तथा नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राकेश कुमार भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे के सम्मान और उसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करे। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करते हैं।
हर घर तिरंगा अभियान के समन्वयक डॉ.चन्द्र बल्लभ नैनवाल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूक करना तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
