राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत विभागीय परिषद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के अंतर्गत गठित विभागीय परिषदों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही महाविद्यालय में बौद्धिक संपदा अधिकारों पर आयोजित लेक्चर श्रृंखला के अंतर्गत प्रतिभाग करने वाले प्राध्यापकों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

सॉफ्ट स्किल समिति द्वारा आयोजित कहानी वाचन प्रतियोगिता की विजेता टीमों को भी प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के रजत जयंती वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रभारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा वर्ष भर में आयोजित प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक गतिविधियों, संवाद कौशल एवं नवाचार के माध्यम से स्वयं को विकसित करने के अवसर मिलने चाहिए और यही अवसर महाविद्यालय द्वारा प्रदान किए जाते हैं जिससे कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, टीमवर्क और संगठनात्मक क्षमता का विकास होता है, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया कि वे असफलताओं से निराश न हों, बल्कि उन्हें सीख के रूप में लेकर आगे बढ़ें।

महाविद्यालय के शास्ता एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. किशोर सिंह चौहान ने अपने संबोधन में विभागीय परिषदों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये परिषदें विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं और उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव भी देती हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एवं सांस्कृतिक समिति के प्रभारी डॉ. खुशपाल द्वारा स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम की व्यवस्थापक एवं महाविद्यालय समारोहक डॉ. सुगन्धा वर्मा द्वारा किया गया। समारोह के अंत में उन्होंने सभी प्राध्यापकों एवं प्रतिभागियों को सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की आइक्यूएसी संयोजक डॉ रजनी चमोली, डॉ विनीत कुमार, डॉ यशवंत सिंह, डॉ भूपेश चंद्र पंत, डॉ निशि दुबे, डॉ प्रभात कुमार सिंह, डॉ आराधना राठौर, डॉ नेहा बिष्ट, डॉ मंजू पांडे, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ आलोक बिजल्वाण, डॉ प्रभदीप सिंह, डॉ कुलवीर सिंह राणा, श्री राजेश राणा, श्री स्वर्ण सिंह, श्री मदन सिंह, श्री रोशन लाल, श्री होशियार सिंह, श्री जय प्रकाश भट्ट, श्री सुनील गैरोला, श्री अमीर सिंह चौहान, श्री सुनील रमोला, श्री नरेश रमोला, श्री कौशल सिंह बिष्ट, श्री धनराज सिंह बिष्ट, श्रीमती हिमानी रमोला, श्रीमती विजय लक्ष्मी, श्री संजय कुमार, श्री रमेश चंद्र एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
