हरिद्वार- ऑपरेशन कालनेमि के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के 4.55 लाख नकद, घटना में प्रयुक्त एंडेवर कार, आईफोन 17 प्रो मैक्स तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात थाना श्यामपुर क्षेत्र में सोनीपत (हरियाणा) निवासी विनोद कुमार से 4.60 लाख की धोखाधड़ी की सूचना मिली। आरोपियों ने पीड़ित को चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने का झांसा देकर नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया और पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि आरोपित अघोरा नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते थे, जहां तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों का विश्वास जीतते थे। सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए लोगों को भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और पारिवारिक समस्याओं के समाधान के नाम पर बुलाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठे जाते थे।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी, तकनीकी जांच और चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अंधविश्वास में फंसाकर ठगी करते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है, जिसकी जांच जारी है।
गिरफ्तार कालनेमि-
मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित पुत्र श्रवण सिंह उर्फ नमो शान्त शर्मा, निवासी मोहल्ला चारजान, कस्बा मंडावर, जनपद बिजनौर, उम्र 31 वर्ष, हाल निवासी चन्द्रमणी, देहरादून।
मोन्टी जोशी पुत्र मुनेश कुमार जोशी, निवासी सब्जी मंडी के पास, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र 32 वर्ष
युवती निवासी थैलीसैण जनपद पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी तुनुवाला, भद्रकाली, देहरादून उम्र 31 वर्ष
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार, भूत-प्रेत या अंधविश्वास के नाम पर धन की मांग करने वाले तथाकथित तांत्रिकों और सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
