महाविद्यालय मालदेवता में नवप्रवेशित छात्रों का ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर), देहरादून में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) समिति के संयुक्त तत्वावधान में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद प्रकाश अग्रवाल ने की। इस दौरान स्नातक प्रथम सेमेस्टर (बीए, बीएससी, बीकॉम एवं बीएससी होम साइंस) के नवागत विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा संयुक्त निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता तथा उप निदेशक डॉ. ममता ड्यूँडी नैथानी उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों की भारी उपस्थिति और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन और निरंतरता के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

NEP संयोजक डॉ. लिंगवाल ने पीपीटी (PPT) प्रेजेंटेशन के जरिए विद्यार्थियों को विषय संयोजन, परीक्षा प्रणाली, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC Locker) तथा स्टूडेंट लाइफ साइकिल (SLC) के सुचारू संचालन की चरणबद्ध जानकारी दी, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रशासनिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

NEP सदस्य डॉ. डिंपल भट्ट ने पढ़ाई के साथ रोजगारपरक कौशल विकास (Skill Development) के अवसरों पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सुमन सिंह गुसाईं ने सह-पाठ्यक्रम (Co-curricular) गतिविधियों के लाभ बताए।

एनसीसी अधिकारी डॉ. नैनवाल ने एनसीसी में सहभागिता के लाभ साझा किए। वहीं वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. यतीश प्रसाद ने छात्रों को स्वामी विवेकानंद और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की प्रतिनिधि ने छात्राओं को मिलने वाली वित्तीय सहायता, स्कॉलरशिप योजना और आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया।

समारोह के अंत में प्राचार्य प्रो. विनोद प्रकाश अग्रवाल ने छात्रों को यूनिफॉर्म, परिचय पत्र तथा कक्षाओं में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कर अनुशासित अध्ययन का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनोद शाह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *