महाविद्यालय मजरा महादेव में स्वच्छता सेवा पखवाड़े का शुभारंभ

Spread the love

मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल। नमामि गंगे परियोजना (जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार) के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल में 17 सितंबर 2026 को स्वच्छता सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान गंगा स्वच्छता, एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को लेकर गंगा स्वच्छता शपथ एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल ने कहा कि गंगा एवं जलस्रोतों की स्वच्छता के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण का मजबूत आधार है।

इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. इन्द्रपाल सिंह रावत ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों के वक्तव्य, विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण एवं अभिव्यक्ति के आधार पर मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *