देहरादून- बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया। जांच पूरी होने तक उन्हें बीकेटीसी के ज्योर्तिमठ कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था और भगवान को अर्पित चढ़ावे की पवित्रता समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायत मिलते ही संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई।
समिति ने उपलब्ध अभिलेखों, तथ्यों और कर्मचारी के पक्ष का परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया अनियमितताओं की पुष्टि होने पर आरोपी कर्मचारी को निलंबित करने का निर्णय लिया गया, ताकि विभागीय जांच निष्पक्ष और बिना किसी हस्तक्षेप के पूरी की जा सके।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि जांच समिति ने प्रमोद नौटियाल द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं पाया और उसे संदेहास्पद माना। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। विभागीय जांच जारी रहेगी और सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जाएगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि समिति भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मामले में किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। बीकेटीसी ने भरोसा दिलाया कि भगवान को अर्पित चढ़ावे की प्रत्येक राशि की सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी तथा जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
