बडेरना, दिनांक 08 जून 2026। न्याय पंचायत थानों के दूरस्थ राजस्व ग्राम बडेरना कलां, बडेरना खुर्द एवं बडेरना मंझला के किसानों की सुविधा हेतु बडेरना स्कूल परिसर में कृषि विभाग द्वारा फार्मर आईडी निर्माण एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर ग्राम पंचायत हल्द्वाडी की ग्राम प्रधान श्रीमती शीला कठैत की अध्यक्षता एवं उनके प्रतिनिधि श्री अनिल कठैत के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में क्षेत्र के किसानों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान कुल 55 किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित विभिन्न समस्याओं जैसे ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग, बैंक खाते एवं अन्य तकनीकी त्रुटियों का मौके पर ही समाधान किया गया।
इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से सहायक कृषि अधिकारी श्रीमती पूनम खरबंदा एवं बीटीएम श्री अरविंद रावत उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
ग्राम प्रधान श्रीमती शीला कठैत एवं प्रतिनिधि श्री अनिल कठैत ने कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
शिविर के सफल आयोजन पर क्षेत्र के किसानों ने कृषि विभाग एवं ग्राम पंचायत हल्द्वाडी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
