डॉ. देवकी नन्दन को राष्ट्रीय संगोष्ठी में उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए सम्मान

Spread the love

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार के रसायन विज्ञान विभाग एवं अनुसंधान और विकास प्रकोष्ठ द्वारा संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी “इमर्जिंग ट्रेंड्स इन केमिस्ट्री, बायोपॉलिमर एंड सस्टेनेबल मटीरियल्स” में भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल के रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत डॉ. देवकी नन्दन को उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से आए शोधार्थियों ने केमिस्ट्री, ग्रीन बायोपॉलिमर और सस्टेनेबल मटीरियल्स से जुड़े नवीन शोध एवं प्रयोगों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।

डॉ. नन्दन ने “ब्रोंस्टेड एसिडिक मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स फॉर हेट्रोजेनियस कैटालिसिस” विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उनके शोध कार्य तथा प्रभावी प्रस्तुतीकरण को विशेषज्ञों एवं निर्णायक मंडल द्वारा सराहा गया।

डॉ. नन्दन के शोध कार्य कैटालिसिस के क्षेत्र में विभिन्न कार्बनिक एवं अकार्बनिक रूपांतरणों पर केंद्रित हैं। उनके 20 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं तथा उनके नाम दो पेटेंट भी प्रकाशित हैं।

शोध एवं अध्यापन के साथ-साथ डॉ. नन्दन डिजिटल माध्यम से भी रसायन विज्ञान की शिक्षा को विद्यार्थियों तक पहुंचा रहे हैं। वे यूट्यूब चैनल “गहतोड़ी अकादमी” के माध्यम से रसायन विज्ञान के विभिन्न विषयों पर वीडियो लेक्चर प्रदान करते हैं, जिससे विद्यार्थियों को अपने अध्ययन में सहायता मिलती है। अब तक उनके 300 से अधिक वीडियो लेक्चर यूट्यूब पर उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

डॉ. नन्दन को इससे पूर्व 7वां टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड (2024), I2OR राष्ट्रीय अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार (2024) एवं देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार (2025) सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

डॉ. नन्दन की इस उपलब्धि पर भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल की प्राचार्य प्रो0लवनी रानी राजवंशी व महाविद्यालय आंतरिक गुणवत्ता विनिश्चयन प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ0विनय देवलाल एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *