उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रचार-प्रसार एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

 देहरादून, 21 अगस्त 2026-  राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता, रायपुर, देहरादून में शुक्रवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रचार-प्रसार एवं छात्र-छात्राओं को पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. मधु थपलियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों की जानकारी दी गई। प्रभारी प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़ने तथा उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने दूरस्थ शिक्षा को उच्च शिक्षा से वंचित रह जाने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।कार्यक्रम की समन्वयक एवं उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. कविता काला ने विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं अध्ययन व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जो नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अथवा अन्य कारणों से नियमित रूप से महाविद्यालय में उपस्थित नहीं हो पाते हैं।

ऐसे विद्यार्थी अपनी शिक्षा को बाधित किए बिना उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं।कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधुबाला ज्वांठा ने प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया। इस अवसर पर डॉ. अंशु सिंह द्वारा प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. मधु थपलियाल को पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में प्रो. डॉ. विजेंद्र लिंगवाल, डॉ. प्रीत पाल, डॉ. डिंपल भट्ट, डॉ. गणेश रतूड़ी, डॉ. उमा, डॉ. लीना रावत, डॉ. नवीन रावत, डॉ. शिव प्रसाद पुरोहित, डॉ. करुणा मिश्रा, डॉ. सुमन गुसाईं सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को अध्ययन में सहायता के लिए पुस्तकों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों से जोड़ना, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपनी शिक्षा निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के अंत में डॉ. एम. पी. तिवारी ने प्रभारी प्राचार्य, सभी प्राध्यापकगण, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के समन्वयकों एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रमों एवं अध्ययन व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की और कार्यक्रम के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *