झबरेड़ा (हरिद्वार)। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों और पेशेवर अपराधियों के खिलाफ लगातार निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने आदतन गौकशी के आरोपी और हिस्ट्रीशीटर नदीम को एक महीने की अवधि के लिए जिला बदर कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर तुरंत एक्शन
पुलिस प्रशासन द्वारा नदीम के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत जिला बदर करने की रिपोर्ट प्रेषित की गई थी। इस रिपोर्ट पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट (DM) हरिद्वार ने आरोपी को 01 महीने के लिए जनपद की सीमाओं से बाहर रहने का हुक्म जारी किया। आदेश मिलते ही झबरेड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई अमल में लाते हुए आरोपी को जिले से बाहर कर दिया है।
उल्लंघन करने पर भुगतने होंगे गंभीर परिणाम
पुलिस ने जिला बदर किए गए आरोपी को सख्त लहजे में हिदायत दी है कि वह तय समय सीमा के भीतर हरिद्वार जिले की सीमा में कदम न रखे। यदि इस एक माह के दौरान वह जिले के भीतर पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नई धाराओं में और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

