हरिद्वार, 18 नवंबर 2026: जनपद में बिखरी प्राचीन ज्ञान संपदा और दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में ‘ज्ञान भारत मिशन’ की समीक्षा बैठक हुई।
दौरान जिले के मठों, आश्रमों और शिक्षण संस्थानों में मौजूद प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, पंजीकरण और डिजिटाइजेशन करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि भारत सरकार का यह मिशन देश की समृद्ध ज्ञान परंपरा को डिजिटल रूप देकर आमजन के लिए सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल बिठाकर सार्वजनिक व निजी पुस्तकालयों, गुरुद्वारों, मंदिरों, आश्रमों और शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध दुर्लभ सामग्री की समयबद्ध पहचान करें।
प्रशासन ने आमजन, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संस्थाओं से इस राष्ट्रीय मुहिम से जुड़ने की अपील की है। यदि किसी नागरिक या संस्था के पास प्राचीन पांडुलिपि या हस्तलिखित ग्रंथ मौजूद हैं, तो वे नीचे दिए गए स्थानों पर इसकी सूचना दे सकते हैं:
• जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय (हरिद्वार)
• खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय
• स्थानीय संस्कृत महाविद्यालय
ऐप और पोर्टल पर सुरक्षित होगा डेटा
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने जानकारी दी कि सभी पंजीकृत पांडुलिपियों को ‘ज्ञान भारतम’ (GYAN BHARATAM) ऐप और पोर्टल के जरिए वैज्ञानिक पद्धति से डिजिटाइज किया जाएगा। राज्य स्तर पर इन ग्रंथों की स्क्रीनिंग और डिजिटाइजेशन की जिम्मेदारी नोडल संस्था पतंजलि विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। सीडीओ ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, नगर निगम और शिक्षा विभाग से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा है।
इस अवसर पर उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश कुमार व शोध अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र गुरानी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलसचिव दाऊ देवगण, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रविंद्र कुमार, पतंजलि विश्वविद्यालय की डॉ. स्वाति आर्य, उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह और पूर्णिमा बिष्ट सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

