आज दिनांक 20 नवंबर 2026 को सौंग बाँध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में सौंग बाँध समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार की संयुक्त अध्यक्षता में 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार नौवें दिन भी जारी रहा।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया जा रहा है।
आंदोलन में सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार, सौंग बाँध समिति के सचिव बलवीर सिंह कंडारी, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंडारी, कृपाल सिंह कंडारी, ग्राम प्रधान कृष्णा सेंद्री, ग्राम प्रधान मनजीत सिंह रावत, ग्राम प्रधान बीरपाल सिंह कठैत, ग्राम प्रधान सतेंगल, पूर्व प्रधान देवेंद्र सिंह राणा, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि सूरत सिंह कठैत, प्रधान प्रतिनिधि मुकेश सिंह पंवार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अध्यक्ष महिला मोर्चा सकलाना मंडल श्रीमती सरिता रावत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य कंडारी, अरविंद नेगी, दिगंबर पंवार, हरेंद्र पंवार, जय सिंह कंडारी, जसवंत सिंह कंडारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं एवं बच्चों सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आंदोलन स्थल पर क्षेत्रीय जनता की एकजुटता और अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्प स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अध्यक्ष महिला मोर्चा सकलाना मंडल श्रीमती सरिता रावत जी ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं प्रधान संगठन के उपाध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान श्री बीरपाल सिंह कठैत जी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि दो दिन बाद होने वाली ब्लॉक स्तरीय बैठक में सौंग बाँध की 15 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की जा सके।
इस अवसर पर सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार जी ने कहा कि यदि आगामी 4-5 दिनों के भीतर क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो मजबूरन आंदोलन को एक कदम आगे बढ़ाते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को मालदेवता बाजार में धरने पर बैठना पड़ेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों एवं प्रभावित परिवारों के हितों की लड़ाई को लेकर एकजुट है और मांगों का उचित समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं ठोस निराकरण करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि सौंग घाटी की जनता अब अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे हटने वाली नहीं है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इसके बावजूद सरकार ने मांगों की अनदेखी की तो समस्त क्षेत्रवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन सौंग घाटी के प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है। जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत निर्णय नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है, अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत है और अब निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

