धनोल्टी, 22 नवंबर 2026- सौंग घाटी का आंदोलन ग्यारहवें दिन भी जारी, विधायक प्रीतम पंवार के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने खोला मोर्चा, लगाए हाय-हाय के नारे
आज दिनांक 22 नवंबर 2026 को सौंग बाँध संघर्ष समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार ग्यारहवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन की संयुक्त अध्यक्षता सौंग बाँध संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार ने की।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया जा रहा है।
मनोज कुकरेती ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर दिया समर्थन
आज आंदोलन स्थल पर रायपुर विधानसभा से श्री मनोज कुकरेती जी उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों को गंभीरता से सुना तथा आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने स्तर से क्षेत्र की इन समस्याओं एवं मांगों को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे, ताकि प्रभावित क्षेत्रवासियों को न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का उचित समाधान हो सके।
विधायक प्रीतम पंवार के खिलाफ क्षेत्रवासियों में आक्रोश, लगाए हाय-हाय के नारे
आंदोलन के ग्यारहवें दिन क्षेत्रीय विधायक धनोल्टी विधानसभा श्री प्रीतम पंवार के खिलाफ क्षेत्रवासियों का आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया और उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि आंदोलन के तीसरे दिन विधायक श्री प्रीतम पंवार धरना स्थल पर पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया था कि वह क्षेत्र की 15 सूत्रीय मांगों को जल्द ही शासन और प्रशासन के समक्ष रखेंगे तथा समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
लेकिन क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उनके इस आश्वासन के बाद आज तक न तो विधायक की ओर से कोई जानकारी दी गई, न ही आंदोलन की प्रगति को लेकर कोई संपर्क किया गया और न ही उन्होंने दोबारा क्षेत्रवासियों की सुध ली।
ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब क्षेत्र की जनता अपने हक और अधिकारों के लिए पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार कर आंदोलन कर रही है, तब जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे जनता के बीच आकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए गंभीरता से पहल करें।
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। अब जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी 15 सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई चाहिए।
15 सूत्रीय मांगों के समाधान तक जारी रहेगा आंदोलन
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं ठोस निराकरण करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि सौंग घाटी की जनता अपने अधिकारों एवं प्रभावित परिवारों के हितों की लड़ाई को लेकर एकजुट है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इसके बावजूद सरकार ने मांगों की अनदेखी की तो समस्त क्षेत्रवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन केवल सौंग घाटी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सकलाना क्षेत्र के हितों, प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है।
सौंग घाटी की जनता अब अपने अधिकारों के लिए आर-पार की लड़ाई के मूड में है। जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत एवं ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
आंदोलन में उपस्थित पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी
आंदोलन में सौंग बाँध संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र पंवार, सचिव श्री बलवीर कंडारी, श्री रविराज पंवार तथा सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार, सचिव श्री आदित्य कंडारी, प्रधान प्रतिनिधि श्री दिनेश पंवार, पूर्व प्रधान श्री वीरेंद्र सेंद्री , अरविंद कंडारी , रूप सिंह पवाँर बलवीर पवाँर , बियर सिंह पवाँर सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त अनेक गणमान्य व्यक्ति, क्षेत्रवासी, माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

