- पैतृक गांव माणदा धार अकरिया में सीआरपीएफ जवानों और ग्रामीणों ने अर्पित की श्रद्धांजलि, स्वागत द्वार व सड़क डामरीकरण की उठाई मांग
गजा- विकासखंड चंबा के ग्राम माणदा धार अकरिया में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अमर शहीद कांस्टेबल बिकोदर सिंह खाती के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान सीआरपीएफ के जवानों, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने शहीद को पुष्पांजलि व माल्यार्पण कर नमन किया।
गौरतलब है कि 22 नवंबर 2002 को श्रीनगर के कोठी बाग क्षेत्र स्थित होटल पाम्पोश में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए बिकोदर सिंह खाती समेत 8 जवानों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत ‘राष्ट्रपति वीरता पुलिस पदक’ से नवाजा गया था। तब से हर वर्ष 22 नवंबर को बल के जवान गांव पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से गजा के निकट खाड़ी रोड पर शहीद के नाम से स्वागत द्वार बनाने और गजा-माणदा सड़क का शीघ्र डामरीकरण करने की मांग की। कार्यक्रम में सीआरपीएफ हवलदार एस. एस. रावत, वरिष्ठ कांस्टेबल मनीष रावत, शहीद की पत्नी बिसला देवी, पुत्र मनीष व अनीष खाती, ग्राम प्रधान भगवानी देवी, गजेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, रौनक सिंह, होशियार सिंह, कुंवर सिंह, योगेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह खाती समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

