आज दिनांक 28 नवंबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में विद्यार्थियों के लिए आगामी परीक्षाओं के दृष्टिगत एक विशेष “पूर्व परीक्षा कार्यशाला” (Pre-Exam Workshop) का आयोजन महाविद्यालय के परीक्षा विभाग, समर्थ सेल, सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट समिति एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। यह कार्यशाला विशेष रूप से विश्वविद्यालय परीक्षा में पहली बार सम्मिलित होने जा रहे बी0ए0, बी0एससी0 एवं बी0कॉम0 प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ एवं व्यावहारिक टिप्स प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
कार्यशाला के मुख्य वक्ताओं के रूप में डॉ० खुशपाल (सहायक प्रोफेसर, इतिहास एवं परीक्षा प्रभारी), डॉ० सुगन्धा वर्मा (सहायक प्रोफेसर, वाणिज्य, समर्थ नोडल अधिकारी एवं कार्यशाला संयोजक), तथा डॉ० आलोक बिजल्वाण (सहायक प्रोफेसर, अंग्रेज़ी) ने विद्यार्थियों को विभिन्न बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में महाविद्यालय परीक्षा प्रभारी डॉ० खुशपाल ने विद्यार्थियों को परीक्षा से पूर्व की जाने वाली विशेष दस्तावेजों की तैयारी, परीक्षा आवेदन फॉर्म भरने की सम्पूर्ण प्रक्रिया एवं परीक्षा अवधि के दौरान लागू होने वाले नियमों से अवगत कराया। द्वितीय सत्र में डॉ० आलोक बिजल्वाण ने स्टूडेंट लाइफ साइकिल आई0 डी0 (SLC ID) जेनरेट करने की ऑनलाइन प्रक्रिया को लाइव डेमो द्वारा प्रस्तुत किया और इसके तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही विश्वविद्यालय समर्थ पोर्टल पर परीक्षा आवेदन फॉर्म भरने की सम्पूर्ण प्रक्रिया का भी लाइव डेमो दिया।
कार्यशाला के तृतीय सत्र में महाविद्यालय की समर्थ नोडल अधिकारी, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ सह-संयोजक, सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट समिति प्रभारी, कार्यशाला संयोजक एवं संचालिका डॉ० सुगन्धा वर्मा ने परीक्षा की प्रभावी तैयारी, समय प्रबंधन, प्रश्न-पत्र विश्लेषण, उत्तर लेखन कौशल, और डिजिटल संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे व्यावहारिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों को अध्ययन की योजना बनाने, प्राथमिकताओं का निर्धारण करने, पुनरावृत्ति की उचित रणनीति अपनाने तथा सोशल मीडिया जैसे व्याकुल करने वाले कारकों से दूरी बनाने की भी उपयोगी सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त, सामन्यत: विद्यार्थियों द्वारा की जाने वाली गलतियों के प्रति भी छात्र-छात्राओं को उन्होंने जागरूक किया।
प्रभारी प्राचार्या डॉ० किरण जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्म-अनुशासन, समय प्रबंधन और धैर्य की वास्तविक परीक्षा भी है। यदि विद्यार्थी सही योजना, सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास के साथ तैयारी करें तो किसी भी परीक्षा को सरल बनाया जा सकता है।
महाविद्यालय के मुख्य शास्त्ता एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ० किशोर सिंह चौहान ने भी आध्यात्मिकता के पहलुओं पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को परीक्षा एवं जीवन जीने में इसके महत्व को समझाया।
कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों ने परीक्षा से संबंधित अपनी शंकाएँ विशेषज्ञों से साझा कीं और कार्यक्रम को अत्यंत ही लाभप्रद बताया। समापन सत्र में डॉ० सुगन्धा वर्मा ने सभी वक्ताओं, परीक्षा समिति तथा सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट समिति के सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही श्री मदन सिंह को भी उनके सहयोग के लिए धन्यवाद प्रेषित किया। कार्यक्रम का संचालन भी डॉ० सुगन्धा वर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ किशोर सिंह चौहान, डॉ कृष्णा डबराल, डॉ बृजेश चौहान, डॉ पवन कुमार, डॉ विनीत कुमार, डॉ निशी दुबे, डॉ आराधना राठौर, डॉ नेहा बिष्ट, डॉ मंजू पांडे, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ कुलवीर सिंह राणा, श्रीमती उर्वशी जुयाल, श्री स्वर्ण सिंह, श्री रोशन लाल, श्री होशियार सिंह, श्री जीतेन्द्र सिंह, श्री जय प्रकाश भट्ट, श्री सुनील गैरोला, श्री अमीर सिंह चौहान, श्री सुनील रमोला, श्री नरेश रमोला, श्री कौशल सिंह बिष्ट, श्री धनराज सिंह बिष्ट, श्रीमती हिमानी रमोला, श्रीमती विजय लक्ष्मी, श्री संजय कुमार, श्री रमेश चंद्र एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

