देहरादून। उत्तराखंड में अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के सभी जिलों से राजधानी देहरादून आये प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के हजारों जवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से पहुंचे PRD जवानों ने परेड ग्राउंड देहरादून से मुख्यमंत्री आवास के लिए विशाल रैली निकाली।
प्रदर्शनकारी जवानों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन तथा वर्ष के 365 दिन कार्य देने के साथ महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रही रैली को मुख्यमंत्री कार्यालय के पास रोक दिया गया।
इसके बाद आक्रोशित जवानों ने वहीं धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस संदर्भ में प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत ने बुलन्द वाणी संवाददाता को बताया कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। अब वे चाहते हैं कि सरकार उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करे और जल्द ही सकारात्मक निर्णय ले।
संगठन के मीडिया प्रभारी विनोद तोमर ने कहा कि पीआरडी जवानों की ओर से अपनी मांगों को लेकर पूर्व में भी संगठन द्वारा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक व विभागीय मंत्री रेखा आर्य को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है और कल वे पुनः विभागीय मंत्री, विभागीय सचिव व वित्त सचिव से मिलेंगे। PRD जवानों की मांग है कि होमगार्ड की तर्ज पर उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन व महंगाई भत्ता व साल के 365 दिन रोजगार का लाभ दिया जाए। इस अवसर पर किशन सिंह रावत, सत्येंद्र नौगाई, विनोद तोमर, वीर सिंह रावत, नवीन बिष्ट, सुधीर तोमर, दीपा रावत, नीमा वर्मा आदि व प्रदेश के सभी जनपदों से हजारों की संख्या में आये समस्त महिलाएं व पुरूष पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

