अगरोड़ा, टिहरी गढ़वाल।आज दिनांक 02 नवंबर, 2026 को शहीद श्रीमती हंसा धनाई राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा, धारमंडल, टिहरी गढ़वाल में “डिजिटल सुविधाओं की अपराधों की रोकथाम में भूमिका” विषय पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा समाज में बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में तकनीकी सुविधाओं का महत्व लगातार बढ़ रहा है। डिजिटल माध्यमों का सही एवं सावधानीपूर्वक उपयोग न केवल दैनिक जीवन को सरल बनाता है, बल्कि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल जागरूकता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. मीरा रावत ने अपने व्याख्यान में डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं अधिनियमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित अधिनियम (POSH Act, 2013) तथा लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act, 2012) के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती सीमा ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल तकनीक के साथ-साथ साइबर सुरक्षा और अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं कानूनी जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक कर्मचारी एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे I

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

