देहरादून- उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसके तहत कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए उनके कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश में संयुक्त मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी, अपर आयुक्त और कुंभ मेला प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कई अधिकारियों को वर्तमान पद से हटाकर नई तैनाती दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों के पदभार में भी बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी आशिमा गोयल को संयुक्त मजिस्ट्रेट ऊधमसिंह नगर से नगर निगम में मुख्य अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दीपक रामचन्द्र सेठ को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की से नगर निगम में मुख्य अधिकारी बनाया गया है। राहुल आनंद को संयुक्त मजिस्ट्रेट देहरादून से नगर निगम में मुख्य अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में आईएएस अधिकारी गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी से संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत तथा दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत से संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी भेजा गया है।
पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। जीवन सिंह नगन्याल को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल, नैनीताल के पद पर तैनाती दी गई है। परितोष वर्मा को नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी से नगर आयुक्त नगर निगम काशीपुर भेजा गया है। गोपाल राम बिनवाल को नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की से नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा शासन की ओर से जारी सूची में अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (आईटीडीए), अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय, अपर नगर आयुक्त देहरादून, अपर जिलाधिकारी चमोली, अपर आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर, प्रधान प्रबंधक चीनी मिल किच्छा, अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार, उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर, अपर जिलाधिकारी देहरादून, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (सीएएलए) देहरादून, नगर आयुक्त रुद्रपुर और अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग समेत कई पदों पर भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।
वहीं, ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के साथ सचिव जिला विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त जिम्मेदारी से संबंधित बदलाव भी किए गए हैं। कुंभ मेला हरिद्वार के लिए अपर मेलाधिकारी और उप मेलाधिकारी स्तर पर भी नई तैनाती की गई है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पद और विभाग में तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। इसके साथ ही कार्यभार ग्रहण करने की आख्या और प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

