कोटा। शहर के पाटनपोल स्थित लगभग 300 वर्ष प्राचीन महाप्रभु जी बड़ा मंदिर में रविवार सुबह बैठक विरासत की ओर से आयोजित सांस्कृतिक श्रृंखला ‘सेक्रेड मॉर्निंग्स’ के अंतर्गत ध्रुपद गायन की विशेष प्रस्तुति हुई। राजभोग दर्शन के पश्चात सुबह 9:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में ध्रुपद गायक यखलेश बघेल ने पखावज पर रोमन दास के साथ प्रस्तुति दी।
ध्रुपद गायन की शुरुआत राग गुर्जरी तोड़ी में धमार प्रस्तुति से हुई, जिसके बोल थे—“आज ब्रजराज होरी खेलत टेसू संग”। इसके पश्चात इसी राग में ताल जलद सूल में निबद्ध बंदिश “तेरो बल प्रताप” प्रस्तुत की गई। फिर राग भीमपलासी में ताल चौताल में निबद्ध बंदिश “कुंजन में रचियो रास, अद्भुत गत लिए गोपाल” की प्रस्तुति हुई। पखावज पर रोमन दास ने संगत की।
लगभग 300 वर्ष पुराने इस मंदिर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। वल्लभ संप्रदाय के मंदिरों में यह एक विशिष्ट स्थान रखता है, जहाँ श्रीमद् वल्लभाचार्य जी की चरण पादुका विराजित हैं। इसी कारण इसे ‘महाप्रभु जी की बड़ी गादी’ के रूप में भी जाना जाता है। वर्तमान पीठाधीश्वर गोस्वामी श्री बृजलांकर जी महाराज हैं।
बैठक विरासत के सहयोगी सरवेश सिंह हाड़ा और अशोक जैन ने श्रृंखला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका प्रयास शास्त्रीय कलाओं को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों तक ले जाना है, ताकि लोग अपनी विरासत से जुड़ सकें और इन स्थलों को नए दृष्टिकोण से अनुभव कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में गोस्वामी श्री बृजलांकर जी महाराज ने कलाकारों का सम्मान किया। इस अवसर पर अपर्णा अग्रवाल, हरिमोहन शर्मा, अशोक जैन, प्रेरणा शर्मा, अनिल शर्मा, विशाल जोशी सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

