हरिद्वार। पीआरडी जवानों ने आज भी कार्य बहिष्कार कर रोशनाबाद स्थित जिला युवा कल्याण कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जिसको हरिद्वार से कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा द्वारा समर्थन दिया गया। प्रान्तीय रक्षक दल हित संगठन द्वारा अपनी द्विसूत्रीय मांगो होमगार्ड की तर्ज पर वेतन और महंगाई भत्ता व 365 दिन कार्य को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा गया।
धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में पीआरडी हित संगठन की जनपद कार्यकारिणी से जिलाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि आज संगठन के प्रतिनिधि मंडल द्वारा जवानों की मांगों को मुख्य सचिव से भेंटवार्ता की गई जिसका कोई सार्थक निर्णय नही होने से जवानों में शासन के प्रति रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कोई फैसला नहीं आता तब तक ये आंदोलन नहीं रुकेगा, चाहे जवानों को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी गुहार क्यों न लगानी पड़े! इसके साथ ही सभी विभागों में तैनात पीआरडी जवान कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी जवान अपनी मांगों को लेकर कल आर्यनगर से शंकराचार्य चौक तक कैंडल मार्च करेंगे और फिर भी सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आगामी 30 नवंबर को प्रदेश की राजधानी देहरादून में पूर्व की भांति परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक हजारो जवानों के साथ पुनः प्रदेश व्यापी विशाल रैली निकाली जाएगी।
पीआरडी जवानों के धरना प्रदर्शन स्थल पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, पूर्व प्रेस क्लब मनोज सैनी व कांग्रेसी नेता सोम त्यागी ने कहा कि दो सूत्रीय मांगों को लेकर जवानों ने जो धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया है वो अब प्रदेश व्यापी आंदोलन का रूप ले चुका है जिसमें कांग्रेस पार्टी का समर्थन जवानों के साथ है। कांग्रेस प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि ये अचरज की बात है जहाँ नियमित कर्मचारी अपनी सेवाओं की एवज में प्रतिमाह लगभग सभी भत्ते व सुविधाओं के साथ 70-80 हजार वेतन पाते हैं, वहीं बिना किसी अवकाश के प्रतिदिन 650 रुपये के मानदेय में पीआरडी जवान कैसे घर चलाते हैं, जबकि उन्हें पीएफ, चिकित्सा सेवा व अन्य कोई भी भत्ता नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि वे जवानों के लिए आवाज उठाएंगे और उनकी पार्टी आगमी चुनाव-2027 के अपने घोषणापत्र में जवानों की मांगों को मुख्य रूप से रखेगी। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश व जिला कार्यकारिणी सदस्यों सहित सैकड़ों पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

