राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एंटी ड्रग्स सेल के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संयोजन संयुक्त रूप से राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ मंजू पांडे एवं एंटी ड्रग्स सेल के प्रभारी डॉ अशोक कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया।
शिविर के अंतर्गत संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर स्वयंसेवकों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के श्री बाबू राम जी ने स्वयंसेवकों को भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया एवं उसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने क्विज के माध्यम से संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर चर्चा-परिचर्चा की तथा वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सामाजिक समानता के महत्व की ओर स्वयंसेवकों का ध्यान आकर्षित किया।
इसी क्रम में नशा मुक्ति प्रकोष्ठ के अंतर्गत सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मादक पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूकता उत्पन्न करने नशा मुक्त समाज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 60 सेकंड की तीन लघु फिल्में/ वीडियो छात्र छात्राओं को दिखाई गई। इस अवसर पर एंटी ड्रग सेल के संयोजक डॉ० अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि मादक पदार्थों (नशीली दवाओं, शराब, तंबाकू आदि) के सेवन के दुष्परिणामों पर आधारित जागरूकता वीडियो से हमें कई महत्वपूर्ण जीवनोपयोगी सीख मिलती हैं। ये वीडियो केवल जानकारी ही नहीं देते, बल्कि भावनात्मक और व्यावहारिक रूप से भी जागरूक करते हैं। जागरूकता वीडियो यह स्पष्ट संदेश देते हैं कि नशा केवल पल भर की झूठी राहत देता है, लेकिन इसकी लत जीवन भर का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक दुख दे जाती है।
इसके साथ-साथ महाविद्यालय परिसर से नगर पालिका परिषद तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्परिणामों से संबंधित नारों के माध्यम से आम जनमानस को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया। प्रभारी प्राचार्या डॉ किरण जोशी ने शिविर में उपस्थित स्वयं सेवकों को शुभकामनाएं दीं। शिविर के आयोजन में डॉ आलोक बिजल्वाण एवं श्री अमीर सिंह चौहान का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

