आज दिनांक 21 नवंबर 2026 को सौंग बाँध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार दसवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन की संयुक्त अध्यक्षता सौंग बाँध समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार ने की।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया जा रहा है।
आंदोलन में क्षेत्रवासियों की बढ़ती भागीदारी
आंदोलन में सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार, सौंग बाँध समिति के सचिव श्री बलवीर सिंह कंडारी, कोषाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह कंडारी, प्रधान खेमराज कंडारी , प्रधान प्रतिनिधि दिनेश पवाँर , सौंग घाटी सयुंक्त संघर्ष मोर्चा सचिव श्री आदित्य कंडारी, कोषाध्यक्ष श्री अरविंद नेगी, सह सचिव शुभम कंडारी , रूप सिंह पंवार, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि श्री दिगंबर पंवार, पूर्व प्रधान श्री हरेंद्र पंवार, पूर्व प्रधान सोबन सिंह कोठारी , पूर्व प्रधान जय सिंह कंडारी ,पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह सेंद्री , बलवीर पवाँर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं एवं बच्चों सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आंदोलन स्थल पर क्षेत्रीय जनता की एकजुटता और अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्प स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कुलदीप पंवार ने दी आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी
सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार जी ने कहा कि यदि आगामी दिनों में क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो मजबूरन आंदोलन को एक कदम आगे बढ़ाते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को मालदेवता बाजार में धरने पर बैठना पड़ेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों एवं प्रभावित परिवारों के हितों की लड़ाई को लेकर एकजुट है और मांगों का उचित समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
बलवीर सिंह कंडारी ने दी 2027 विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
सौंग बाँध समिति के सचिव श्री बलवीर सिंह कंडारी जी ने कहा कि यदि क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों को स्वीकार कर उनका उचित समाधान नहीं किया जाता है, तो वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल सौंग घाटी की नहीं, बल्कि पूरे सकलाना क्षेत्र के हितों, अधिकारों और भविष्य की लड़ाई है। इस संघर्ष में संपूर्ण सकलाना पट्टी की जनता हमारे साथ एकजुट होकर खड़ी है। साथ ही देहरादून क्षेत्र के कुछ गांवों के लोग भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। यदि सरकार ने समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो इसका जवाब क्षेत्र की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर देगी।
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं ठोस निराकरण करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि सौंग घाटी की जनता अब अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे हटने वाली नहीं है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इसके बावजूद सरकार ने मांगों की अनदेखी की तो समस्त क्षेत्रवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन सौंग घाटी के प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है। जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत निर्णय नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है, सकलाना की जनता एकजुट है। अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा और अब जनता निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

