ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश तथा हिमाचल प्रदेश के पालमपुर स्थित प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान CSIR–Institute of Himalayan Bioresource Technology (CSIR-IHBT) के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया।
इस महत्वपूर्ण पहल को विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस एमओयू के माध्यम से श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के विद्यार्थियों को CSIR-IHBT पालमपुर में प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों, प्रयोगशाला कार्यों एवं अनुसंधान गतिविधियों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। इससे विद्यार्थियों को अपने विषय का व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने और भविष्य में शोध एवं वैज्ञानिक क्षेत्र में आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल में CSIR-IHBT पालमपुर के निदेशक डॉ. सुदेश कुमार यादव तथा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के निदेशक प्रो. एम.एस. रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के IQAC निदेशक प्रो० गुलशन कुमार ढींगरा, डॉ. गौरव वार्ष्णेय (संयुक्त निदेशक, IQAC) तथा डॉ. हेमंत बिष्ट (उप परीक्षा नियंत्रक) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त CSIR-IHBT पालमपुर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अमित चावला एवं डॉ. सुखनिंदर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति भी रही
उल्लेखनीय है कि CSIR-IHBT पालमपुर हिमाचल प्रदेश का एक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थान है, जहां जैव संसाधनों, जैव प्रौद्योगिकी तथा विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में अनुसंधान एवं विकास कार्य किए जाते हैं। संस्थान में मुख्य रूप से छह विभाग कार्यरत हैं, जिनमें एग्रोटेक्नोलॉजी (Agrotechnology), बायोटेक्नोलॉजी (Biotechnology), केमिकल टेक्नोलॉजी (Chemical Technology), डायटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन टेक्नोलॉजी (Dietetics & Nutrition Technology), एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजी (Environmental Technology) तथा फर्मेंटेशन एवं फाइटोफार्मिंग टेक्नोलॉजी (Fermentation & Phytofarming Technology) शामिल हैं।
इस एमओयू से दोनों संस्थानों के मध्य शैक्षणिक सहयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान, कौशल विकास एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को नई दिशा मिलेगी। विशेष रूप से माइक्रोबायोलॉजी के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थान में कार्य करने और आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियों को समझने का अवसर मिलेगा।
श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के निदेशक प्रो. एम.एस. रावत ने इस पहल को विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं, IQAC निदेशक प्रो. गुलशन कुमार ढींगरा ने कहा कि इस प्रकार के संस्थागत समझौते विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

