विकास खंड चम्बा की मखलोगी पट्टी स्थित ग्राम पंचायत छाती की अनुसूचित जाति बस्ती के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग अब पूरी होने जा रही है। जिला योजना मद से स्वीकृत 7 लाख रुपये की धनराशि से बनने वाली 1 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। शुभारंभ के साथ ही सड़क कटिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने बताया कि छाती गांव की अनुसूचित जाति बस्ती के परिवार मुख्य गांव से काफी दूर रहते हैं, जिसके कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीण लंबे समय से इस बस्ती को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे थे। बस्ती की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए इसे पलाम-दंदेली मोटर मार्ग से जोड़ा जा रहा है, जिसके लिए जिला योजना से 7 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई गई है।
सड़क सुविधा मिलने की खुशी में स्थानीय ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान परमानन्द बिजल्वाण, दिनेश सिंह खाती, दिलवीर सिंह रावत, विनोद लाल और गुणानंद चमोली सहित कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

