हरिद्वार- विजयदशमी पर्व के अवसर पर जनपद को साफ, स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा आगामी कुम्भ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं गंगा घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा हरकी पैड़ी एवं उसके आसपास स्थित घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
अभियान के अन्तर्गत सार्वजनिक स्थलों एवं घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। इस दौरान स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने भी सहभागिता करते हुए सफाई अभियान में सहयोग प्रदान किया। नगर निगम की टीम एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की संयुक्त भागीदारी से स्वच्छता कार्यों को प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया।
आगामी कुम्भ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की सम्भावना को देखते हुए घाटों, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई तथा बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी के निर्देशो के अनुपालन में नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा इस दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। नगर निगम ने जनसामान्य एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं तथा गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

