आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में विगत 17 सितंबर से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान 2026 का समापन भव्य कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. प्रभात द्विवेदी जी के मार्गदर्शन में एक दिवसीय संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान जी की गरिमामयी उपस्थिति के साथ साथ श्री विजेंद्र रावत पूर्व ब्लाक प्रमुख, श्री मनीष कुकरेती मंडल अध्यक्ष चिन्यालीसौड़, डॉ विजय बडोनी प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा, श्री गोविंद महंत, श्री विशन कोटवाल पूर्व ब्लाक प्रमुख एवं श्री आशीष पवार भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान किया।
प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी जी ने अपने स्वागत संबोधन में मुख्य अतिथि श्री मनवीर सिंह चौहान जी का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, रचनात्मकता विकसित करने तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ज्ञान, कौशल, नवाचार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता से युक्त युवा ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक योगदान दे सकते हैं। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले प्राध्यापकों की सराहना की।
महाविद्यालय की समारोह समिति एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘विकसित भारत @ 2047: युवा शक्ति, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता’ विषयक एक दिवसीय संगोष्ठी में डॉ० सुगन्धा वर्मा के द्वारा विषय से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर पीपीटी के माध्यम से विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया।डॉ० सुगन्धा वर्मा ने अपने व्याख्यान में विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर भारत के आर्थिक आयामों एवं वर्तमान आर्थिक परिदृश्य पर व्याख्यान दिया। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति, वित्तीय सशक्तीकरण, व्यापार, उद्योग, रोजगार सृजन एवं आत्मनिर्भरता के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि समावेशी एवं सतत आर्थिक विकास के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं, महक एवं आयशा, ने भी विकसित भारत @ 2047 विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि श्री मनवीर सिंह चौहान ने अपने संबोधन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत @ 2047 का लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी की सक्रिय सहभागिता से ही साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभाशाली युवा शक्ति, ज्ञान, कौशल और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता इस बात की है कि युवा इन क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्थान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए करें। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा देश की विकास यात्रा में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
संगोष्ठी के पश्चात विगत एक माह में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि श्री मनवीर सिंह चौहान जी तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी जी के द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। अभियान के अंतर्गत निबंध, भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ फिट इंडिया मूवमेंट के तहत वॉलीबॉल, कबड्डी तथा योग प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के मुख्य शास्ता एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. किशोर सिंह चौहान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि श्री मनवीर सिंह चौहान जी, प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी जी और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की सफलता सामूहिक सहयोग, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अभियान से प्राप्त प्रेरणा विद्यार्थियों को अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
अंत में राष्ट्र गान के सामूहिक गान के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. यशवंत सिंह ने किया। कार्यक्रम में डॉ किरण जोशी, डॉ खुशपाल, डॉ पवन कुमार, डॉ विनीत कुमार, डॉ भूपेश चंद्र पंत, डॉ निशी दुबे, डॉ प्रभात कुमार सिंह, डॉ आराधना राठौर, डॉ नेहा बिष्ट, डॉ मंजू पांडे, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ कुलवीर सिंह राणा, श्रीमती उर्वशी जुयाल, श्री राजेश राणा, श्री स्वर्ण सिंह, श्री मदन सिंह, श्री रोशन लाल, श्री होशियार सिंह, श्री जीतेन्द्र सिंह, श्री जय प्रकाश भट्ट, श्री सुनील गैरोला, श्री अमीर सिंह चौहान, श्री सुनील रमोला, श्री नरेश रमोला, श्री कौशल सिंह बिष्ट, श्री धनराज सिंह बिष्ट, श्रीमती हिमानी रमोला, श्रीमती विजय लक्ष्मी, श्री संजय कुमार, श्री रमेश चंद्र एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

