नैनबाग, राजकीय महाविद्यालय नैनबाग, टिहरी गढ़वाल में “मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती गीता रावत, अध्यक्ष राज्य स्तरीय सतर्कता समिति राज्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार रही, कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू कोगियाल ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, नवाचार एवं विकसित भारत के संकल्प के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस दौरान योग विभाग की छात्राओं ने विभिन्न योगासनों का शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने शारीरिक संतुलन, लचीलेपन, एकाग्रता और योग कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। योग प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। मुख्य अतिथि श्रीमती गीता रावत ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में श्रम विभाग की ओर से उपस्थित सौरभ व्यास ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, सामाजिक उत्तरदायित्व समझने और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष हिमानी ने महाविद्यालय की आवश्यकताओं को मुख्य अतिथि के समक्ष रखा। उन्होंने महाविद्यालय परिसर के गेट की ओर लगभग 50 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार के निर्माण की मांग की। इसके साथ ही योग विभाग में नियमित योगाभ्यास करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए 50 टी-शर्ट, 50 लोअर तथा 50 योग मैट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिससे विद्यार्थियों को योगाभ्यास में सुविधा मिल सके। मुख्य मुख्य अतिथि श्रीमती गीता रावत ने अपने संबोधन में फिट इंडिया मूवमेंट एवं विकसित भारत @2047 के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने, नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमताओं का सकारात्मक उपयोग करते हुए आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भागीदारी निभानी चाहिए। श्री रावत ने योग विभाग से संबंधित मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक सामग्री अपने स्तर से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि योग विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। मेरे सपनों का भारत विकसित भारत @2047 के तहत महाविद्यालय में 10 अक्टूबर से 13 अक्टूबर के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया,निबंध, चित्रकला,रंगोली एवं फिट इंडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक,डॉ. ब्रीश कुमार, डॉ. दुर्गेश कुमारी, डॉ. धनंजय शर्मा, योग शिक्षक राजमोहन सिंह रावत सहित महाविद्यालय के कर्मचारी दिनेश पंवार,भुवन चंद डिमरी, सुशील कुकरेती, विकेश,अनिल,रीना,छात्रसंघ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

