दिनांक 8, अक्टूबर 2026 को आयोजित हुई जनपदस्तरीय संस्कृत प्रतिस्पर्धाओं में राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़़ की तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कु.आंचल पुत्री श्री सोबत लाल ने संस्कृत श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता के अन्तर्गत उत्तरकाशी जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिताएं प्रतिवर्ष उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थान द्वारा खण्डस्तर, तत्पश्चात जनपदस्तर तथा राज्यस्तर पर वरिष्ठ व कनिष्ठ वर्ग के लिए पृथक्-पृथक् आयोजित होती हैं। सर्वप्रथम आंचल ने 24 सितम्बर को खण्ड स्तर पर आयोजित प्रतिस्पर्धा में चिन्यालीसौड़ ब्लॉक में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद स्तर के लिए चयन प्राप्त किया।
आंचल की शिक्षिका महाविद्यालय में संस्कृत विषय की प्राध्यापिका डॉ. मंजू पाण्डे ने बताया कि इस स्पर्धा में निर्धारित 10 अलग-अलग छन्दों में 12 मिनट के अंदर विभिन्न संस्कृतग्रन्थों- महाकाव्य, खण्डकाव्य, नीतिकाव्य आदि के अलग-अलग 10 श्लोकों का छन्दशास्त्रीय नियमों के अनुसार वाचन करना होता है। उन्होंने बताया कि आंचल एक सामान्य परिवार की प्रतिभाशाली व परिश्रमी बालिका है, शिक्षिका ने आंचल को उसके उज्जवल भविष्य व राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी, आंचल की उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है तथा सभी प्राध्यापकों ने उसे शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी ने भी आंचल को भविष्य में होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी तथा उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में उभरती हुई इन प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच मिलना अत्यन्त गौरव का विषय है।
इस अवसर पर उत्तरकाशी जनपद के जनपद संयोजक डॉ. द्वारिका प्रसाद नौटियाल, चिन्यालीसौड़ के खण्ड संयोजक श्री अरविन्द नौटियाल व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ की प्रधानाचार्या डॉ.शशी प्रभा ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

