कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध जागरूकता का संदेश: राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में यौन उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ के द्वारा पोस्टर/स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय कन्या भ्रूण हत्या एवं महिला सशक्तिकरण था। कार्यक्रम की संयोजक यौन उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. निशी दुबे रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करना तथा महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता, समान अधिकार और सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करना था। इस अवसर पर डॉ. निशी दुबे ने महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता, समान अधिकार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से ही समाज एवं राष्ट्र का सशक्तिकरण संभव है। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या के गंभीर दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए इसे समाज के लिए एक बड़ी सामाजिक बुराई बताया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जिसे हम सभी को मिलकर पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर, शिक्षा और सम्मान प्रदान करना एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने पोस्टरों के माध्यम से अपने संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ अशोक कुमार अग्रवाल एवं डॉ अराधना राठौर शामिल रहे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु. ज्योति नेगी (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), द्वितीय स्थान कु. सुलोचना (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) तथा तृतीय स्थान कु. आशीली (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *