राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में पुस्तक भेंट समारोह के साथ हिन्दी दिवस कार्यक्रम श्रृंखला का हुआ समापन

Spread the love

आज दिनांक 15 सितंबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत समापन कार्यक्रम के अवसर पर रवांई क्षेत्र के उभरते लेखक, साहित्यकार एवं महाविद्यालय के हिन्दी विभाग के प्राध्यापक श्री यशवंत सिंह पंवार ‘यश’ द्वारा मुंशी प्रेमचंद की यथार्थवादी कहानियों का रवांल्टी भाषा में अनुवाद कर तैयार की गई पुस्तक ‘बडऽ घरऽ कि निनैई’ का पुस्तक भेंट समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी जी ने कहा कि किसी भी लोकभाषा का संरक्षण केवल उसके बोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे साहित्य, शिक्षा और लेखन के माध्यम से निरंतर समृद्ध करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘बडऽ घरऽ कि निनैई’ जैसी कृतियाँ स्थानीय भाषा और संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कहानियों को रवांल्टी भाषा में प्रस्तुत करना न केवल साहित्यिक दृष्टि से सराहनीय प्रयास है, बल्कि यह स्थानीय लोकभाषा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लेखक श्री यशवंत सिंह पंवार ‘यश’ को इस साहित्यिक प्रयास के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
पुस्तक के अनुवादक एवं लेखक श्री यशवंत सिंह पंवार ‘यश’ ने पुस्तक की रचना-यात्रा एवं इसके उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा केवल सीमा पर तैनात रहकर ही नहीं, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति और पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के माध्यम से भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अपनी लोकभाषा को साहित्यिक अभिव्यक्ति प्रदान करना अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का प्रयास है।
इस अवसर पर लेखक श्री यशवंत सिंह पंवार ‘यश’ ने महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी एवं समस्त प्राध्यापक गणों को पुस्तक की प्रति भेंट की।
इस अवसर पर उपस्थित जनों ने पुस्तक की विषयवस्तु एवं लेखक के प्रयास की सराहना करते हुए रवांल्टी भाषा और साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में डॉ किशोर सिंह चौहान, डॉ कृष्णा डबराल, डॉ बृजेश चौहान, डॉ खुशपाल, डॉ पवन कुमार, डॉ विनीत कुमार, डॉ सुगन्धा वर्मा, डॉ भूपेश चंद्र पंत, डॉ निशी दुबे, डॉ प्रभात कुमार सिंह, डॉ आराधना राठौर, डॉ नेहा बिष्ट, डॉ मंजू पांडे, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ आलोक बिजल्वाण, डॉ कुलवीर सिंह राणा, श्रीमती उर्वशी जुयाल, श्री स्वर्ण सिंह, श्री मदन सिंह, श्री रोशन लाल, श्री होशियार सिंह, श्री जीतेन्द्र सिंह, श्री जय प्रकाश भट्ट, श्री सुनील गैरोला, श्री अमीर सिंह चौहान, श्री सुनील रमोला, श्री नरेश रमोला, श्री कौशल सिंह बिष्ट, श्री धनराज सिंह बिष्ट, श्रीमती हिमानी रमोला, श्रीमती विजय लक्ष्मी, श्री संजय कुमार, श्री रमेश चंद्र एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *