राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में एक दिवसीय उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में आज दिनांक 08 सितंबर 2026 को देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी जी द्वारा की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उद्यमिता उन्नयन योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्यमिता के महत्व, स्वरोजगार की संभावनाओं, उद्यम स्थापना की प्रक्रिया तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध सहयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद (EDII) द्वारा आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। संस्था की ओर से उपस्थित रिसोर्स पर्सन, समन्वयक और मुख्य वक्ता श्रीमती सपना नेगी ने बताया कि वर्तमान समय में युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी भी बन सकते हैं। विद्यार्थियों को नवाचार, स्थानीय संसाधनों के उपयोग तथा स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उनसे प्रश्न पूछकर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि उद्यमिता उनके व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने, नए विचार विकसित करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम से प्राप्त जानकारी का लाभ उठाकर अपने कौशल एवं नवाचार क्षमता को विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक महाविद्यालय नोडल अधिकारी डॉ० पवन कुमार रावत एवं सदस्यगण डॉ प्रभात कुमार सिंह, डॉ आराधना राठौर, डॉ नेहा बिष्ट एवं डॉ आलोक बिजल्वाण सम्मिलित रहे। मंच संचालन डॉ पवन कुमार रावत ने किया। श्री मदन सिंह ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ किशोर सिंह चौहान, डॉ बृजेश चौहान, डॉ खुशपाल, डॉ विनीत कुमार, डॉ यशवंत सिंह, डॉ सुगन्धा वर्मा, डॉ भूपेश चंद्र पंत, डॉ निशी दुबे, डॉ मंजू पांडे, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ कुलवीर सिंह राणा और बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *