हरिद्वार। निर्जला एकादशी स्नान पर्व (25 जून) के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की है। यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा तथा विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, देहरादून, ऋषिकेश और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। यातायात दबाव बढ़ने पर नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
चीला मार्ग को केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक्जिट मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा। वहीं शहर में भीड़ बढ़ने पर गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक के माध्यम से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि 24 जून की रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा बसों, ट्रैक्टरों और अन्य बड़े यात्री वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
ऑटो और विक्रम चालकों के लिए भी विशेष डायवर्जन योजना लागू रहेगी। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-रिक्शा जयराम मोड़ तक ही संचालित होंगे। वहीं ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहन, टैक्सी, विक्रम और ऑटो रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही बताया गया है कि परिस्थितियों और भीड़ के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
