राज्य मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, ऐसा रहेगा मौसम..

Spread the love

उत्तराखंड राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन दिन ऑरेंज चेतावनी जारी की है तथा चार धाम यात्रा के लिए बिगड़ते मौसम को देखते हुए एडवाइजरी भी जारी की है मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है। वहीं, 4500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ मैदानी जनपदों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गर्जन की स्थिति बनी रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

इसके तहत राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। स्थानीय प्रशासन और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

12 मई- उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि राज्य के शेष जनपदों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 13 मई- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, साथ ही राज्य के शेष जनपदों में भी कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं।

जब की कि 14 मई- उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों (4200 मीटर से ऊंचे) में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना बन रही है।

मौसम विभाग द्वारा 12 एवं 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस पर संज्ञान लेते हुए गढ़वाल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा पूरी सावधानी के साथ अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

आयुक्त ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें। यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुविधाजनक रहेगा। साथ ही, यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *