नैनबाग महाविद्यालय में देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत अभिविन्यास कार्यक्रम का किया गया आयोजन

Spread the love

नैनबाग, 9 अप्रैल 2026। राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में प्राचार्य प्रोफेसर मुकेश कुमार की अध्यक्षता में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) द्वारा प्रायोजित देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय की DUY नोडल अधिकारी डॉ. मधु बाला जुवाँठा ने अतिथियों के स्वागत के साथ किया। उन्होंने योजना के तृतीय संस्करण की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए एक दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम, तीन दिवसीय बूटकैम्प तथा छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम की रूपरेखा विस्तार से प्रस्तुत की।
मुख्य वक्ता एवं EDII के प्रोजेक्ट अधिकारी श्री दिग्विजय सिंह ने छात्र-छात्राओं को उद्यमिता के महत्व, स्वरोजगार के अवसरों एवं व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कंडाली की चाय, शैम्पू, साबुन तथा मंडुआ के आटे जैसे स्थानीय उत्पादों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उनसे जुड़े सफल उद्यमियों पर चर्चा की और विद्यार्थियों को उद्यमिता के प्रति जागरूक किया। साथ ही, उन्होंने देवभूमि उद्यमिता योजना के विभिन्न चरणों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की उद्यमिता संबंधी समझ का आकलन करने हेतु एक स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें चयनित छात्र-छात्राओं को अगले चरण के लिए चुना जाएगा।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर मुकेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार के अवसरों को पहचानने एवं उन्हें उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में EDII की ओर से महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विशेष सहयोग के लिए योग आचार्य श्री राजमोहन सिंह को भी स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. मंजू कोगियाल (विभागाध्यक्ष हिन्दी), डॉ. बृज कुमार (भूगोल), डॉ. परमानन्द चौहान (अर्थशास्त्र), डॉ. दुर्गेश कुमारी (अंग्रेजी), डॉ. संदीप कुमार (समाजशास्त्र), डॉ. दिनेश चंद्र (इतिहास), सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी सहित,पुस्तकालय लिपिक श्री दिनेश पंवार, कार्यालय लिपिक श्री सुशील चंद ,लैब असिस्टेंट श्री भुवन चंद, श्री अनिल नेगी, श्री रोशन, श्री मोहन, श्रीमती रीना एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *