पौखाल- शिविर के छठे दिवस पर स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन

Spread the love

इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, पौखाल टिहरी गढ़वाल में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिवस पर स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवियों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय कांडी तल्ली तथा महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर शेष सफाई कार्यों को पूर्ण किया। इसके पश्चात गांव में जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
रैली के दौरान स्वयंसेवियों ने महिलाओं को बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, बालिका शिक्षा एवं स्वच्छता के प्रति सचेत रहने का आह्वान किया। साथ ही विश्व जल दिवस के अवसर पर जंगलों के संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने से ही भविष्य में जल संकट से बचा जा सकता है।
बौद्धिक सत्र में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सदस्य श्री अनिल भंडारी, श्री राकेश एवं श्री उमंग ने स्वयंसेवियों को थिएटर के माध्यम से अभिव्यक्ति के कौशल सिखाए तथा संबंधित कोर्स की जानकारी प्रदान की। उनके मार्गदर्शन से स्वयंसेवियों में आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति का विकास हुआ।
रात्रि में आयोजित कैंप फायर के दौरान भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आनंद लिया। कार्यक्रम ने शिविर के वातावरण को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
इस प्रकार शिविर का छठा दिवस सेवा, जागरूकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इन सभी क्रियाकलापों के दौरान एनएसएस प्रभारी डॉ पुष्पा झाबा, श्री राजेंद्र सिंह राणा, श्रीमती कुसुमलता एवं श्री उत्तम सिंह एवं योगा प्रशिक्षक नेहा उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *